
समस्तीपुर, 27 फरवरी (हर्षिता “अश्क”) समाहरणालय स्थित सभागार में आज आयोजित ‘जनता दरबार’ में आमजन की समस्याओं की गूंज सुनाई दी। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने स्वयं उपस्थित होकर विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिससे सभागार देर तक खचाखच भरा रहा। जनता दरबार के दौरान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े मामले सबसे अधिक सामने आए।
भूमि विवाद, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) में देरी और जमीन की मापी से संबंधित शिकायतों ने प्रशासन का ध्यान खींचा। सामाजिक कल्याण विभाग से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की अनियमितता तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रही। आपूर्ति विभाग से जुड़े राशन कार्ड में गड़बड़ी और खाद्यान्न वितरण में अनियमितता की शिकायतें भी बड़ी संख्या में दर्ज की गईं। वहीं परिवहन व्यवस्था और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को लेकर भी लोगों ने अपनी बात रखी।

मामलों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक मामले की मॉनिटरिंग की जाएगी और संबंधित अधिकारी विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।” इस अवसर पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार तथा जिला आपूर्ति पदाधिकारी अली एकराम सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार जैसे आयोजनों से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है तथा शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होता है।

