समस्तीपुर, 24 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर शुक्रवार को समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने की। इसमें जिले के सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों की तैयारियों, स्टाफ ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाता सुविधा से संबंधित निर्देश दिए। विशेष रूप से सभी निर्वाची पदाधिकारियों को सामान्य ऑब्जर्वर के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके और किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन तक पहुँच सके।

पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और मतदान केंद्रों पर पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी निर्वाचन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में समन्वय बनाए रखने और राजनीतिक दलों को आवश्यक जानकारी देने के लिए भी निर्देशित किए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह बैठक निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, सभी पक्षों की सहभागिता और मतदाता सुविधा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे समस्तीपुर में आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।

