समस्तीपुर, 26 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर ज़िले में मतदाता जागरूकता की लहर तेज़ हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम रोशन कुशवाहा के निर्देशन में चल रहे स्वीप (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) अभियान के तहत सोमवार को विद्यापतिनगर प्रखंड में जीविका समूह की महिलाओं ने एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया।

रैली में सैकड़ों जीविका दीदियाँ हाथों में बैनर, पोस्टर और तख्तियाँ लिए पूरे उत्साह के साथ सड़कों पर उतरीं। उनका उद्देश्य मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और उन्हें निर्भीक होकर मतदान के लिए प्रेरित करना था। दीदियों ने पूरे जोश के साथ नारे लगाए —
“एक वोट से जीत-हार, वोट को न कोई करे बेकार!”
“06 नवंबर को करें मतदान, लोकतंत्र बने महान!”
जीविका परियोजना से जुड़ी पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाएँ आज समाज में परिवर्तन की धुरी बन चुकी हैं और उनके प्रयास से इस बार शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला प्रशासन का यह अभियान अब जन-जन तक पहुँच रहा है, जिससे समस्तीपुर में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम उठ चुका है।

