
समस्तीपुर, 23 दिसम्बर (समस्तीपुर में डेस्क) शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। 22 दिसंबर 2025 को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक में ई-रिक्शा संचालन से लेकर दुर्घटना संभावित स्थलों तक ठोस फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने की, जबकि मेयर अनीता राम, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक यातायात आशीष कुमार और जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल ने ई-रिक्शा परिचालन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर ई-रिक्शा के लिए कलर कोडिंग और मार्ग निर्धारण कर अखबार में प्रकाशित किया जाए, ताकि आम लोगों से सुझाव लिए जा सकें। इसके बाद तय मार्गों पर ही ई-रिक्शा चलाने की अनुमति दी जाएगी।

डीएम ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टर, व्हाइट पेंट, सड़क किनारे ब्लिंकिंग लाइट्स लगाने का आदेश दिया, ताकि कोहरे और धुंध में दृश्यता बनी रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने और वेंडिंग जोन चिन्हित करने की कार्रवाई तेज है, जिससे जाम की समस्या कम हो सके।बैठक में अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के अभियंता और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन के इस फैसले से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

