समस्तीपुर, 1 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मन्नीपुर दुर्गा स्थान मंदिर के पास मंगलवार शाम एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दुर्गा मेला के दौरान भारी भीड़ के बीच यह घटना सामने आई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाअष्टमी के अवसर पर मंदिर के पास श्रद्धालुओं की भीड़ लगी थी। इसी दौरान पास स्थित स्कूल परिसर में एक महिला का शव पड़ा मिला, जिसकी उम्र लगभग 55 वर्ष के करीब बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम पहुंची और जांच शुरू की।

मथुरापुर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए थे, लेकिन महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है और आसपास के थानों में महिला की पहचान के लिए सूचना भेजी गई है।

