समस्तीपुर, 23 नवम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर के सरायरंजन थाना क्षेत्र के सोनमार मेयारी गांव में नल-जल योजना के पानी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। झड़प में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. संतोष झा की देखरेख में उपचार जारी है। डॉक्टर के अनुसार, घायलों के सिर में चोटें आई हैं और उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है।

घायलों की पहचान पहले पक्ष से दाना देवी (60) और उनके पुत्र संजय दास (25) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे पक्ष से पछिया देवी (50), सुनील दास (25) और उषा देवी (30) घायल हैं। विवाद की जड़ नल-जल योजना के तहत लगाया गया नल बताया जा रहा है। मनोज दास ने बताया कि संजय दास के खेत के पास लगा नल उनके परिवार द्वारा उपयोग में लाया जाता है। संजय ने खेत में अनावश्यक पानी बहने से रोकने के लिए नल बंद कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहा-सुनी शुरू हो गई। परिवार के सदस्यों द्वारा नल दोबारा चालू करने पर विवाद और बढ़ गया और मारपीट हो गई।
सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि नल-जल के पानी को लेकर हुए विवाद की सूचना पर सरायरंजन थाना पुलिस को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

