समस्तीपुर, 25 अक्टूबर(निज संवाददाता) समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या-133 में शनिवार को महागठबंधन का चुनाव कार्यालय शहर के संध्या पेट्रोल पंप के पास बाईपास रोड में विधिवत रूप से उद्घाटित हुआ। कार्यालय का शुभारंभ स्थानीय विधायक एवं राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन, राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती, भाकपा नेता सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, भाकपा माले मंत्री प्रो. उमेश कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मो. अबु तमीम सहित कई दलों के नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शाहीन ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्होंने समस्तीपुर में विकास की नई गाथा लिखी है। उन्होंने कहा, “मैं नेता नहीं, बेटा बनकर पिछले 15 वर्षों से जनता की सेवा कर रहा हूं।” शाहीन ने दावा किया कि बिहार के लोग तेजस्वी यादव में राज्य का भविष्य देख रहे हैं और अब नीतीश सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी। कार्यक्रम में राजद, कांग्रेस, भाकपा और माकपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

