समस्तीपुर, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक पर्व दशहरा समस्तीपुर में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर के जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में समस्तीपुर के स्थानीय विधायक एवं बिहार विधान सभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन भी मौजूद थे। उन्होंने रावण के विशाल पुतले को अग्नि समर्पित कर विजय दशमी पर्व मनाया।
विधायक शाहीन ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की अद्भुत लीला हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जीवन में किस प्रकार से बुराइयों से लड़ते हुए सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को विजय दशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि समस्तीपुर निरंतर विकास की राह पर अग्रसर रहेगा।
रावण दहन के दौरान मैदान में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हुआ।

