समस्तीपुर 29 अगस्त (अशोक “अश्क”) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर समस्तीपुर में सेक्टर पदाधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई, ताकि चुनाव कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न कराया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यशाला में बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पटोरी विकास पांडेय और भूमि सुधार उप समाहर्ता पटोरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन अधिकारियों ने सेक्टर पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के प्रति सजग किया।
कार्यशाला में बूथ प्रबंधन, रूट चार्ट की तैयारी, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष रूप से बल दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों को यह भी बताया गया कि उनकी भूमिका चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में कितनी महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान सभी सेक्टर पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल हुए और उन्होंने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आवश्यक जानकारियाँ आत्मसात कीं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से करेंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यशाला जिले में आगामी विधानसभा चुनाव की सशक्त तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

