समस्तीपुर, 19 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) समस्तीपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकहाजी में शनिवार को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत “सुरक्षित शनिवार” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रभारी प्रधानाध्यापक कुमारी नीलम कुमारी के नेतृत्व में एवं नोडल शिक्षिका विनीता कुमारी के सहयोग से संपन्न हुआ।

गौरतलब है कि सीपीएमएफ और बीएसएफ के आवासन के कारण मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी को चकहाजी विद्यालय में टैग किया गया है, जहां प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार समेत सभी शिक्षक सेवा दे रहे हैं।

कार्यक्रम में दीपावली के दौरान सुरक्षा और सावधानियों को लेकर बच्चों को जागरूक किया गया। जैसे घर की सफाई, दीप जलाना, पूजा-पाठ करना तथा पटाखे केवल अभिभावकों की देखरेख में छोड़ना आदि पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके उपरांत बैगलेस शनिवार के तहत बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और रंगोली बनाकर सामूहिक कार्य का आनंद उठाया। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा।

