समस्तीपुर, 20 सितंबर (राजेश झा) जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा-2025’अभियान की औपचारिक शुरुआत शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में की गई। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अभियान के लोगो का अनावरण भी किया गया।

डीएम कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि 25 सितंबर को सुबह 8 से 9 बजे तक जिले के सभी पंचायतों, प्रखंडों, कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और हाट-बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी विभागों को विविध गतिविधियाँ आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया।

उप विकास आयुक्त शैलजा पांडेय ने कहा कि स्वच्छता अच्छे संस्कारों की नींव है और समस्तीपुर को स्वच्छता में नई पहचान दिलाने का आह्वान किया।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति के समन्वयक ने बताया कि यह अभियान 2017 से 2 अक्टूबर तक प्रतिवर्ष आयोजित होता आ रहा है। इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छोत्सव’ है, जिसका उद्देश्य है शून्य कचरा उत्सव और सामुदायिक भागीदारी।
अभियान के तहत स्कूली बच्चों द्वारा साइकिल रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में डी.आर.डी.ए निदेशक आशुतोष आनंद, डीपीआरओ रजनीश कुमार राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

