
समस्तीपुर, 06 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) हजामटोली, कोरबाद्धा वार्ड संख्या 37 मुसरी घरारी निवासी 84 वर्षीय असक्त महिला आशा देवी ने बिहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 133 समस्तीपुर में आज बूथ संख्या 151, संत कबीर कॉलेज बूथ पर अपना मतदान किया। पैरालाइसिस रोग से ग्रसित आशा देवी ने संवाददाता से कहा कि वे हर चुनाव में अपने पुत्र प्रेम कुमार ठाकुर की सहायता से वोट देती रही हैं।
पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत विजयी यूनियन ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के डिवीजनल सहायक सचिव प्रेम कुमार ठाकुर ने अपने वोट के साथ ही अपनी माता को घर से बूथ तक लाकर मतदान करवाया। आशा देवी और उनके पुत्र ने बताया कि इस बार उन्होंने शिक्षा, रोजगार, विकास और पुरानी पेंशन बहाली को ध्यान में रखकर मतदान किया। आशा है कि आने वाले समय में सभी योजनाएं पूरी होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह माता को पुरानी पेंशन मिल रही है, सभी नए कर्मचारियों को भी वही सुविधा मिले।

