पटना, 9 अक्तूबर (पटना डेस्क) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समाहरणालय सभाकक्ष, समस्तीपुर में बुधवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफिसर (R.O) और असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) का ऑनलाइन मूल्यांकन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों की दक्षता का आकलन करना और उसे और बेहतर बनाना था। मूल्यांकन हेतु ऑनलाइन लिंक सुबह 11:00 बजे साझा किया गया, जिसके माध्यम से सभी अधिकारियों ने 11:00 से 12:15 बजे तक प्रश्नों के उत्तर दिए।
आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि इस मूल्यांकन में सफल होना सभी अधिकारियों के लिए अनिवार्य है। जो अधिकारी असफल होंगे, उन्हें उनके वर्तमान पद से मुक्त कर दिया जाएगा। यह निर्णय चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने हेतु लिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त शैलजा पांडे और उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और गंभीरता से निभाने की प्रेरणा दी।

