समस्तीपुर, 29 नवम्बर (राजेश झा) शिवाजीनगर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालयों में शनिवार को उत्सवी माहौल में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। कनखरिया, जगदर, पुरन्दाही और बंधार सहित सभी विद्यालयों में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। बैठक में प्रधानाध्यापक, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

चर्चा का मुख्य विषय बच्चों की शिक्षा, अनुशासन, उपस्थिति और शिक्षण पद्धति सुधार था। निपुण कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान पर जोर दिया गया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय कनखरिया के प्रधानाध्यापक मो. अब्दुल्लाह एवं जगदर के एचएम संतोष कुमार ने कहा कि यह पहल सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। अभिभावकों ने प्रशासन की सराहना की और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की नियमित संगोष्ठियां शिक्षा की गुणवत्ता सुधार का आधार बनेंगी।

