
समस्तीपुर, 04 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव और वरिष्ठ समाजवादी नेता प्रेम प्रकाश शर्मा के निधन से समस्तीपुर समेत पूरे बिहार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

उजियारपुर विधायक आलोक कुमार मेहता, मोरवा विधायक रणविजय साहू, विभूतिपुर विधायक अजय कुमार, पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन सहित कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की।राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने कहा कि प्रेम प्रकाश शर्मा महान समाजवादी नेता, ओजस्वी वक्ता और कौमी एकता के प्रतीक थे।

उनका पूरा जीवन वंचितों और शोषितों की आवाज़ बनने में समर्पित रहा। छात्र आंदोलन से राजनीति तक का उनका सफर संघर्ष, सिद्धांत और प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा। उनके निधन से राजनीतिक जगत में गहरा शून्य पैदा हो गया है।

