पटना,12 सितम्बर (राजेश झा) पटना स्थित गाँधी मैदान के दादी जी मंदिर परिसर हॉल में आज “समृद्ध नारी, सशक्त बिहार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बांकीपुर विधानसभा के विधायक माननीय श्री नितिन नवीन जी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया।
श्री नितिन नवीन जी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी संस्कृति में नारी को सृजन और सामर्थ्य का प्रतीक माना गया है। घर-परिवार से लेकर राष्ट्र निर्माण तक हर जगह महिला की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है। इसी सोच के साथ बिहार सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना। इस योजना के तहत प्रत्येक स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला को ₹10,000 की आर्थिक गारंटी दी जा रही है, ताकि वे अपना व्यवसाय और रोजगार शुरू कर सकें। साथ ही, उत्कृष्ट व्यवसायिक मॉडल वाले समूहों को सरकार द्वारा ₹2 लाख की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

मंत्री नितिन नवीन जी ने कहा कि यह योजना आर्थिक सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी योजनाएँ महिलाओं की सुरक्षा और भविष्य की गारंटी देती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि “आपकी तरक्की ही बिहार की तरक्की है, और आपकी आत्मनिर्भरता ही आत्मनिर्भर भारत का रास्ता है।

राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं के लिए केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का कानून पारित किया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ से ज्यादा माताओं और बहनों को गैस कनेक्शन मिला है, जिससे उन्हें धुएँ से निजात मिली है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों को नई दिशा दी है, जबकि आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों बहनों को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिला है। इसके परिणामस्वरूप देश में मातृ मृत्यु दर लगातार कम हो रही है।
बिहार स्तर की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मंत्री जी ने कहा कि पंचायतों और शहरी निकायों में 50% आरक्षण, पुलिस व अन्य सरकारी सेवाओं में 35% आरक्षण और शैक्षणिक संस्थानों में 33% आरक्षण ने महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाया है। मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना और बालिका पोशाक योजना ने बेटियों की पढ़ाई में नया उत्साह भरा है। उन्होंने बताया कि जहाँ 2011 में महिला साक्षरता दर 33.57% थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 73.31% तक पहुँच चुकी है। आज लगभग 30,000 महिलाएँ बिहार पुलिस बल में सेवा दे रही हैं।
अपने भाषण में विपक्ष पर प्रहार करते हुए नितिन नवीन जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दिवंगत माताजी को कांग्रेस और राजद समर्थित मंच से अभद्र गाली दी गई। यह बिहार की संस्कृति और सभ्यता का अपमान है। उन्होंने कहा कि “क्या ऐसे लोग महिलाओं का सम्मान कर सकते हैं? जो नेता अपने राज्यों में बिहारियों को गाली देते हैं, वही बिहार आकर वोट माँगते हैं। जनता इन्हें सबक सिखाएगी।” उन्होंने आगे कहा कि “20 साल पहले जब राजद का जंगलराज था, तब क्या आपने सोचा था कि बिहार की हर महिला के लिए ₹10 हज़ार की आर्थिक गारंटी और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा? यह बदलाव केवल एनडीए सरकार की सोच और संकल्प से ही संभव हुआ है। इस अवसर पर झारखंड महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती जी, एएलओ अध्यक्ष संगीता जी, एएलओ अध्यक्ष निभा जी, संचालनकर्ता अमित जी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं का समूह मौजूद रहा।

