पटना, 27 नवम्बर (पटना डेस्क) पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कराने का मामला बिहार की सियासत में बड़ा विवाद बन गया है।

भवन निर्माण विभाग द्वारा 20 वर्ष बाद जारी किए गए नोटिस के बाद राजद ने इसे सीधे-सीधे राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को नोटिस जारी होने के बाद बुधवार को RJD प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने प्रेस से बात करते हुए साफ कहा कि पार्टी किसी भी कीमत पर बंगला खाली नहीं करेगी।मंडल ने सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, “लालू परिवार के प्रति नफरत की राजनीति के कारण ही यह कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री केवल मोदी का भरोसा जीतने के लिए ऐसा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी को यह आवास पिछले दो दशकों से आवंटित है और इस दौरान कई सरकारें आईं, मगर कभी इसे खाली कराने की पहल नहीं हुई। “अचानक अब क्यों याद आया?” उन्होंने सवाल उठाया।RJD अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अतीत में दो मुख्यमंत्री एक ही बंगले में रह चुके हैं, तब किसी ने आपत्ति नहीं जताई। उनका आरोप है कि वर्तमान नोटिस का उद्देश्य केवल राजनीतिक अपमान है। उन्होंने दावा किया कि आवंटन प्रक्रिया में भी धांधली की गई और पूरा मामला सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार बीजेपी को खुश करने के लिए कदम उठा रहे हैं और होम डिपार्टमेंट पर उसका नियंत्रण स्पष्ट संकेत है। उन्होंने दोहराया कि RJD किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेगी और बंगला खाली नहीं किया जाएगा।

