समस्तीपुर, 3 सितम्बर (राजेश झा) जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के सहीयार बुर्ज गांव में बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। रोसड़ा अंचल अधिकारी द्वारा अतिक्रमण वाद संख्या 06/2024-2025 के तहत खाता संख्या 333, खेसरा संख्या 1684, रकवा 13.50 धूर सड़क किनारे से अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्रवाई का नेतृत्व अंचल अधिकारी वंदना कुमारी ने किया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार और राजस्व अधिकारी राकेश कुमार भी मौजूद थे।कार्रवाई से पहले प्रशासन द्वारा हीरालाल महतो, उमेश महतो, राजेंद्र महतो, उमेश महतो और कमलेश्वरी शर्मा को नोटिस जारी कर जानकारी दी गई थी। इसके बावजूद बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में उमेश महतो का घर तोड़कर अतिक्रमण हटाया गया।हालांकि इस दौरान कमलेश्वरी शर्मा द्वारा किए गए अतिक्रमण को तत्काल नहीं हटाया गया। अतिक्रमण खाली के बाद सामान सड़क पर रख दिया गया जिससे लोगों को आवा गमन में काफी परेशानी हुई। इस संबंध में अंचल अधिकारी वंदना कुमारी ने बताया कि दूसरे जगह सरकारी भूमि पर पर्चा रहने के बावजूद सड़क किनारे सरकारी जमीन पर इंदिरा आवास योजना के तहत मकान का निर्माण किया गया है। उस मकान में कोई भी मौजूद नहीं था, इसलिए फिलहाल उसे घर में नोटिस लगाकर उसे छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नोटिस जारी कर कमलेश्वरी शर्मा के अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मची रही।

