आरा, 2 सितंबर (सेंट्रल डेस्क) भोजपुर जिले के सांसद सुदामा प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है।
आरा के नागरी प्रचारणी सभागार में आयोजित बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पीएम को “नाटक करने वाला” तक कह डाला।

कार्यक्रम में पीएम मोदी महिलाओं को संबोधित करते हुए भावुक हो गए थे। इसी पर सांसद सुदामा प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा “प्रधानमंत्री का भाषण देखकर लगा कि वो पूरी तरह डरे हुए हैं। वोटर अधिकार यात्रा से पीएम घबराए हुए हैं। अगर उनकी मां को किसी ने गाली दी है तो साफ बताएं किसने दी। हमने सोशल मीडिया पर देखा कि वह इंसान भाजपा का कार्यकर्ता है और भाजपा नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें हैं।”
सांसद ने आगे कहा कि “आज का कार्यक्रम जीविका पर था, लेकिन प्रधानमंत्री ने पूरा समय गाली पर खर्च कर दिया। हम भी मानते हैं कि किसी की मां को गाली नहीं देनी चाहिए। लेकिन पीएम जी देश के आम आदमी नहीं हैं, कुछ भी मंच से नहीं बोलना चाहिए। वो नाटककार हैं, मुझे भी पता है इमोशन कैसे पैदा किया जाता है।”
सुदामा प्रसाद के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

