नई दिल्ली, 5 नवंबर (अशोक “अश्क”) भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में ऋषभ पंत और आकाशदीप सिंह की वापसी हुई है, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इस बार भी मौका नहीं मिला। पहला टेस्ट 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।

पंत और आकाशदीप चोट के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौका मिला है। पंत इस समय इंडिया ए की कप्तानी भी कर रहे हैं। इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच टेस्ट सीरीज से पहले दो चार दिवसीय मैच खेले गए, जिसमें पहले मैच में पंत की दमदार अर्धशतकीय पारी से इंडिया ए ने साउथ अफ्रीका ए को हराकर 1-0 की बढ़त बनाई।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी हाल ही में रणजी ट्रॉफी में बंगाल की ओर से शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन चयनकर्ताओं ने फिटनेस और हाल ही में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर पर की गई टिप्पणी को लेकर उन्हें इस बार टीम में शामिल नहीं किया।
टीम इंडिया (टेस्ट): शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाशदीप सिंह।

