
समस्तीपुर, 20 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘सात निश्चय योजना पार्ट-2’ के तहत सुधा मिल्क पार्लर का भव्य उद्घाटन किया गया। फीता काटकर उद्घाटन मिथिला मिल्क यूनियन के प्रबंध निदेशक आर. के. झा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, बीडीओ अमित कुमार, सरपंच निरंजन कुमार व अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर पार्लर की प्रोपराइटर सविता कुमारी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। प्रबंध निदेशक आर. के. झा ने कहा कि इस योजना से बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और जल्द ही जिले के सभी प्रखंडों में ऐसे पार्लर खोले जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी शीघ्र ही सुधा काउंटर शुरू होगा।पार्लर संचालक रमेश रंजन कुमार ने बताया कि यहां दूध, दही, लस्सी, आइसक्रीम सहित सभी उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध रहेंगे। बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि यह पहल आमजनों को शुद्ध दुग्ध उत्पाद सुलभ कराने की दिशा में बड़ा कदम है।

