सुपौल, 03 दिसम्बर (निज संवाददाता) जिले में मंगलवार की देर रात लगी भीषण आग ने दिल दहला देने वाली त्रासदी को जन्म दिया है। इस भीषण आग में एक ही परिवार के भाई-बहन की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि 18 मवेशी भी जिंदा जल गए। वहीं करीब 5 परिवारों के आधा दर्जन से अधिक घर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। घटना सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के मुरली वार्ड नंबर 06 की है।

मृतकों में भीखन सरदार के पोते (10) वर्षीय मानव कुमार और (12)वर्षीय पोती साक्षी कुमारी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग भीखन सरदार के घर में लगी जिसके बाद प्रेम सरदार उर्फ पप्पू सरदार, चंद्रदेव सरदार व इंद्रदेव सरदार के घर जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। अधिकांश परिवार सोए हुए थे, तभी अचानक चीख-पुकार के बीच लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन दो मासूम अपनी जान नहीं बचा सके। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई,लेकिन आग तब तक सब कुछ राख कर चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मृत बच्चों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने राहत और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

