
मुजफ्फरपुर, 25 दिसम्बर (सेंट्रल डेस्क) आज गुरुवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाने का रोहुआ इलाका दहल उठा। मुसहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ पेट्रोल पंप के पास स्थित एक घर पर अज्ञात अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि इस घटना में गृहस्वामी बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है। फायरिंग की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है।

बताया जा रहा है कि यह जमीन और मकान बावन बीघा निवासी सतीश कुमार ठाकुर का है। उनके पुत्र समीर ठाकुर का उक्त आवास पर सुबह-शाम आना-जाना रहता है। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी का पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

उन्होंने इसको लेकर मुसहरी थाने में रंगदारी मांगने की शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज करा रखी है।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है,वहीं पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।

