
समस्तीपुर, 13 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ राजद नेता रामनारायण मंडल उर्फ बच्ची मंडल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताते हुए इसे सामाजिक संकट करार दिया है। उन्होंने कहा कि शराब, ड्रग्स, अफीम, चरस और सूखे नशे की गिरफ्त में आकर युवा पीढ़ी असमय काल के गाल में समा रही है।मंडल ने आरोप लगाया कि जिले में असामाजिक तत्वों द्वारा नशे और जुए का बड़ा रैकेट संचालित किया जा रहा है।

सरकारी संस्थानों, मंदिर-मस्जिदों के आसपास अवैध शराब तस्करी खुलेआम जारी है, जिससे स्कूल और कोचिंग के छात्र-छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया कि खानपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों द्वारा एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है।राजद नेता ने बिहार में लागू शराबबंदी को विफल बताते हुए कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से अवैध धंधेबाज मालामाल हो रहे हैं, जबकि गरीब मजदूरों पर कार्रवाई का डंडा चलाया जाता है।

उन्होंने दावा किया कि अमीर आरोपियों को लेन-देन के जरिए बचा लिया जाता है।मंडल ने सरकार से मांग की कि नशेड़ियों के लिए सख्त कानून बनाकर उन्हें अनिवार्य रूप से नशामुक्ति केंद्रों में भेजा जाए। साथ ही प्रशासन की ईमानदारी और जनसहभागिता से ही नशामुक्ति अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर समाज सुधार का संकल्प लें।

