समस्तीपुर, 02 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 35 स्थित नक्कु स्थान मुहल्ला में नाला निर्माण की पोल सेंटरिंग हटते ही खुल गई। जैसे ही ढलाई की सेंटरिंग खोली गई, बालू-गीट्टी और सिमेंट झरकर गिरने लगे, जिससे कई जगहों पर नाले की रॉड खुलकर दिखाई देने लगी।

निर्माण की यह स्थिति देखकर मुहल्ला वासी भड़क उठे और मौके पर जमकर विरोध किया। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और निर्माण एजेंसी की मिलीभगत से नाला निर्माण में भारी अनियमितता की गई है।स्थानीय लोगों ने कहा कि नाले की गुणवत्ता इतनी खराब है कि हल्का दबाव डालते ही दीवारें crumb होने लगती हैं। उनका कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो पहली बारिश में नाला ढहने का खतरा बढ़ जाएगा। मामले पर भाकपा-माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह खुली भ्रष्टाचार की मिसाल है और नगर निगम को तत्काल इसकी जांच करानी चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े जेई पर कार्रवाई की मांग की।

