
समस्तीपुर, 23 फरवरी (हर्षिता “अश्क”) बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जितवरिया गांव में शनिवार देर रात फिल्मी अंदाज में बकरी चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। स्कार्पियो पर सवार बदमाशों ने एक ही रात में चार बकरियां चुरा लीं और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले अमित कापर के दरवाजे पर बंधी दो बकरियां उठाईं। इसके बाद अर्जुन कापर और पप्पू कापर के घर से एक-एक बकरी चोरी कर स्कार्पियो पर लाद ली। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी गांव से निकलने लगे।बताया जाता है कि जब बदमाश नागो ठाकुर और भूपेन ठाकुर के दरवाजे पर पहुंचे तो आहट सुनकर लोग जाग गए। ग्रामीणों की हलचल देख सभी आरोपी स्कार्पियो समेत लदौरा चौक की ओर भाग निकले।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों में आक्रोश है। मामले को लेकर थाने में आवेदन देने की बात कही गई है। थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने कहा कि आवेदन मिलते ही विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बदमाशों की पहचान में जुट गई है।

