समस्तीपुर, 18 सितंबर (राजेश झा) प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में सामुदायिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण कार्यक्रम के तहत एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में कृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग और पैरामेडिकल साइंसेस के सेमेस्टर 6 के 50 छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के विद्यार्थियों को भोजन पूर्व और पश्चात, साथ ही स्वच्छता पश्चात हाथ धुलाई के सात स्टेप्स का अभ्यास करवाया।

कार्यक्रम का नेतृत्व व्याख्याता मालती देवी, नीतीश कुमार, स्वामी प्रिया और युवराज ने किया। इस दौरान बच्चों को सही तरीके से हाथ धोने के महत्व और इसके प्रभावी तरीके से अवगत कराया गया। प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने नुक्कड़ सभा में जीवन में कौशल विकास की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस आयोजन में उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक महिपाल, शिक्षक विमल कुमार साह, दिवाकर कुमार सिंह, प्रवीण कुमार और शिक्षा सेवक कैलाश सदा सहित अन्य ने भरपूर सहयोग किया। बाल संसद के नेतृत्व में बच्चों ने अतिथियों का स्वागत ताली बजाकर किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।

