समस्तीपुर, 25 सितंबर (राजेश झा) राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समस्तीपुर की मेडिकल टीम, डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में शिविर में बालिकाओं का नेत्र जांच, एनीमिया परीक्षण, पोषण परामर्श, एचवीपी टीका से संबंधित जानकारी तथा माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता प्रदान की गई।

प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ बालिकाएं ही स्वस्थ समाज की नींव हैं, अतः इस अभियान में सभी को सहयोग करना चाहिए। फार्मासिस्ट निरंजन कुमार ने बालिकाओं की ऊंचाई, वजन एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक प्रपत्रों का संधारण किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संजीव कुमार झा, विमला कुमारी, अर्चना कुमारी, सुधा कुमारी एवं प्रियंजली सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया।

