सहरसा, 25 सितम्बर (सेंट्रल डेस्क) जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के एसएच-95 सैनीटोला चौक के समीप गुरुवार की सुबह दो बाइक के बीच हुए भीषण टक्कर में एक बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहां इलाज में डॉक्टरों द्वारा लापरवाही के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस के काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। हादसे में मरने वाले मृतकों की पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के गोरियारी शर्मा टोला निवासी नीरज कुमार व सचिन्द्र शर्मा के रूप में हुई है। जबकि इस हादसे में सचिन्द्र शर्मा की पत्नी भोलिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं दूसरी बाइक पर सवार बख्तियारपुर बस्ती के राशिद और शाहील भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

सभी जख्मियों को अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देख रेख में चल रहा है। अभी भी उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच कर शव को देख फुट फुट कर रोने लगे। उनके चीत्कार से पूरा अस्पताल गमगीन हो गया। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर व थानाध्यक्ष अजित कुमार पुलिस बल के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वही पुलिस घायलों को बेहतर इलाज व्यवस्था में जुटे हुए हैं।

