बक्सर, 4 सितम्बर (विक्रांत) आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने नई दिल्ली, दिल्ली और आनंद विहार के लिए 10 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 29 सितंबर 2025 से 2 दिसंबर 2025 के बीच चलाई जाएंगी, जिससे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इन ट्रेनों में प्रमुख मार्गों में दरभंगा, मानसी, धनबाद, भागलपुर, सीतामढ़ी, जयनगर, राजगीर और जोगबनी को जोड़ा गया है।

ट्रेनों का संचालन विभिन्न तारीखों पर रोजाना, साप्ताहिक या विशेष दिनों में किया जाएगा। ट्रेनें समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा, पटना, गया, हाजीपुर, गोरखपुर, बलिया, डीडीयू, प्रयागराज, शाहपुर पटोरी जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
इसके साथ ही आनंद विहार-पटना स्पेशल ट्रेन (04090/04089) की संचालन अवधि 29 नवंबर 2025 तक बढ़ा दी गई है, जिससे पटना और दिल्ली के यात्रियों को त्योहारी सीजन में प्रतिदिन ट्रेन सेवा मिलती रहेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्रा ने बताया कि इन ट्रेनों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी ट्रेनों का समय, ठहराव और रूट रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और स्टेशनों पर उपलब्ध कराया जाएगा।पूर्व मध्य रेल का यह कदम त्योहारी सीजन में लाखों यात्रियों को राहत देने वाला साबित होगा, जो दिल्ली-एनसीआर से बिहार-झारखंड की ओर यात्रा करते हैं।

