नई दिल्ली, 22 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) केरल के पथानामथिट्टा जिले के प्रमादम इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ले जा रहा हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरते ही धंस गया। यह घटना राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में बनी एक अस्थायी हेलीपैड पर हुई, जहां कच्चा कंक्रीट पूरी तरह से नहीं सूखा था। हेलीकॉप्टर के उतरते ही उसका वजन हेलीपैड नहीं सह सका और पहिए जमीन में धंस गए।

इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को हाथ से धकेलकर सुरक्षित स्थान पर निकाला। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मी हेलीकॉप्टर को धकेलते नजर आ रहे हैं।
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर को पंबा के पास निलक्कल में उतारने की योजना थी, लेकिन खराब मौसम के चलते अंतिम समय में प्रमादम स्थित स्टेडियम को चुना गया। इसके चलते मंगलवार रात में ही हेलीपैड तैयार किया गया था, लेकिन कंक्रीट पूरी तरह जम नहीं पाया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार दिवसीय केरल दौरे पर हैं। मंगलवार शाम को वह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचीं और राजभवन में ठहरीं। बुधवार सुबह वह हेलीकॉप्टर से सबरीमाला मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुईं। दर्शन के बाद वह तिरुवनंतपुरम लौटेंगी।
गुरुवार को राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और वर्कला स्थित शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु के महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद वह कोट्टायम जिले के पाला में सेंट थॉमस कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समापन समारोह में भाग लेंगी। 24 अक्टूबर को एर्नाकुलम के सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लेकर वह अपनी यात्रा का समापन करेंगी।

