हैदराबाद, 1 अक्टूबर (अंकिता राय) हैदराबाद पुलिस ने एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6.25 करोड़ रुपये मूल्य का 1210 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। यह गांजा ओडिशा के मलकानगिरी जिले से हैदराबाद होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

रचकोंडा के पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अब्दुल्लापुरमेट के कोठागुडा एक्स रोड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर एक ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में सीमेंट की बोरियों के नीचे तिरपाल में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार व्यक्ति राजस्थान के जोधपुर जिले का निवासी है, जो मलकानगिरी के सुदूर वन क्षेत्रों से गांजा इकट्ठा कर राजस्थान ले जाने की फिराक में था।
पुलिस का कहना है कि यह खेप राजस्थान के कई जिलों में वितरित की जानी थी, जिससे पता चलता है कि यह नेटवर्क ओडिशा से लेकर तेलंगाना और राजस्थान तक फैला हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की पहचान करने में जुटी है।

