
समस्तीपुर, 06 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत रुसेरा घाट स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ऑयल टैंक वैगन में हॉट एक्सेल की स्थिति पाई गई। घटना सुबह करीब 07:05 बजे की है। सुरक्षा मानकों के तहत रेलवे अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए वैगन को तुरंत रैक से डिटैच कर अलग कर दिया, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।डिटैचमेंट के बाद वैगन के चक्के और एक्सेल बदलने का कार्य किया जा रहा था।

इसी दौरान तकनीकी प्रक्रिया के बीच वैगन अपनी पटरी पर हल्का सा टिल्ट हो गया। हालांकि स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया। वैगन को सुरक्षित रूप से सीधा करने के लिए मौके पर क्रेन लगाकर कार्य जारी है।रेलवे प्रशासन ने बताया कि मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है और आज रात लगभग 01:00 बजे तक वैगन को पूरी तरह दुरुस्त कर परिचालन योग्य बना लिया जाएगा।

इस दौरान यात्री सुरक्षा और रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।रेल प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए भरोसा दिलाया है कि रेल सेवाएं सामान्य बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

