
बक्सर, 25 फरवरी (विक्रांत) आगामी होली और ईद-उल-फितर को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 25 फरवरी 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कई कड़े निर्देश जारी किए गए।जिला पदाधिकारी ने बताया कि 2 मार्च की रात होलिका दहन होगा, जबकि 3 और 4 मार्च को होली मनाई जाएगी।

होली पर डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। होटल और लॉज की सघन जांच भी कराई जाएगी।संवेदनशील क्षेत्रों में बाइक पेट्रोलिंग, मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती तथा कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। होली के दिन QRT टीम सक्रिय रहेगी। शराबबंदी के मद्देनजर शराब माफिया और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर और 20 मार्च को अंतिम जुम्मे की नमाज को देखते हुए ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास सफाई, पानी और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकायों को दिया गया है।प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं और अफवाहों से दूर रहें।

