
बक्सर, 27 फरवरी (विक्रांत) होली पर्व 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। साम्प्रदायिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 27 फरवरी 2026 को नगर भवन बक्सर में जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों की मैराथन ब्रीफिंग की। स्पष्ट संदेश दिया गया—किसी भी हाल में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी।

सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, गश्ती दल, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को निर्देश दिया गया है कि वे 2 मार्च 2026 की अपराह्न तक अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर 4 मार्च तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक मुस्तैद रहेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर व डुमरांव को क्षेत्र में भ्रमण कर तैनाती की पुष्टि करने का निर्देश दिया गया है।होलिका दहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अग्निशमन विभाग को समाहरणालय नियंत्रण कक्ष, मॉडल थाना बक्सर और डुमरांव थाना में अग्निशमन वाहन और दल तैयार रखने का आदेश है। बिजली विभाग को चिन्हित स्थानों पर लटकते व खुले तारों की मरम्मत तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है।साइबर थाना और पुलिस पदाधिकारी ‘साइबर सेनानी’ व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखेंगे। किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की टीम, पर्याप्त दवाएं और एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।मद्य निषेध नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उत्पाद विभाग को लगातार छापेमारी का निर्देश दिया गया है। संभावित घाटों पर नाव गश्ती की जाएगी ताकि शराब की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। थानाध्यक्षों को मोटरसाइकिल गश्ती बढ़ाने का आदेश है।होली के दौरान 102 दंडाधिकारी व पुलिस बल, 31 गश्ती दल और 2 जोनल दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचेगी।जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है—होली का रंग शांति और सौहार्द के साथ ही बिखरेगा, किसी भी उपद्रव पर सख्त कार्रवाई तय है।

