समस्तीपुर, 7 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के रहुआ गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। खेत जा रहे दिलशान कुमार (16 वर्ष) नामक किशोर के ऊपर 11 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा। तार के संपर्क में आते ही किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और दिलशान को इलाज के लिए पहले वारिसनगर पीएचसी ले गए, जहां से उसे गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर किया गया। डॉक्टर संतोष कुमार झा की देखरेख में उसका इलाज आपातकालीन वार्ड में जारी है। डॉक्टर के अनुसार, दिलशान की हालत नाजुक बनी हुई है।
किशोर दिलशान रहुआ गांव निवासी मोहम्मद तनवीर का पुत्र है और आठवीं कक्षा का छात्र है। वह दो भाइयों में बड़ा है। परिजनों के मुताबिक, वह सुबह खेत देखने गया था, तभी अचानक तार गिरने से हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने लाइन काट दी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

