समस्तीपुर, 7 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू होते ही समस्तीपुर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जिला पुलिस प्रशासन ने कुल 30 चेकपोस्ट बनाए हैं, जो अब पूरी तरह से सक्रिय कर दिए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल, मद्य निषेध विभाग और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम तैनात की गई है, जो वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच कर रही है।

चुनाव के दौरान अधिक नकदी लेकर चलने वालों, संदिग्धों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जिले की सीमाओं पर अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है, और पड़ोसी जिलों के साथ समन्वय बनाकर चेकिंग अभियान को और सघन किया जा रहा है।
विशेषकर शराब की अवैध तस्करी को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। इसके लिए जिले में फ्लाइंग स्क्वायड टीम भी गठित की गई है, जो शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लगातार निगरानी करेगी।
पुलिस प्रशासन की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी डर या दबाव में आए बिना निर्भीक होकर मतदान करें और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

