गोपालगंज, निज संवाददाता। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए भारत सरकार व राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने 14 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान निःशुल्क शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रदेश की करीब 13 लाख किशोरियों को टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के अजमेर से अभियान का देशव्यापी शुभारंभ करेंगे। राज्य स्तर पर कार्यक्रम का उद्घाटन इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगा। प्रत्येक जिले में लॉन्चिंग के दिन 20 किशोरियों को ‘गार्डासिल’ टीका लगाया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिन किशोरियों ने 14 वर्ष पूरे कर लिए हैं और अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं, उन्हें सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एक खुराक दी जाएगी। यह टीका एचपीवी संक्रमण से होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में महिलाओं में यह दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है। वर्ष 2024 में देश में करीब 78 हजार से अधिक नए मामले और 42 हजार से ज्यादा मौतें दर्ज की गईं। डबल्यूएचओ की अनुशंसा पर 160 से अधिक देशों में यह टीका राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल है। विभाग के मुताबिक, टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित है और मामूली बुखार या दर्द जैसे सामान्य लक्षण अस्थायी होते हैं।अभियान की मॉनिटरिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘यू-विन’ से की जाएगी। अभिभावक अपनी बेटियों का पंजीकरण ऑनलाइन या नजदीकी केंद्र पर करा सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि टीकाकरण स्वैच्छिक होगा और अभिभावक की सहमति आवश्यक होंगी।
- Home
- Uncategorized
- 14 साल की किशोरियों को मुफ्त एचपीवी टीका, 13 लाख को कवर करने का लक्ष्य
Posted in
Uncategorized


