
समस्तीपुर, 16 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सोमवार को 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की ऐतिहासिक राशि का डीबीटी अंतरण किया। इसका सीधा प्रसारण जिला सभागार, समस्तीपुर में आयोजित कार्यक्रम में दिखाया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों व जीविका दीदियों की मौजूदगी में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह और डीपीएम जीविका बिक्रांत शंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। सभागार में 200 से अधिक जीविका दीदियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक ₹10 हजार की सहायता दी जा रही है।

आगे मूल्यांकन के आधार पर ₹2 लाख तक अतिरिक्त वित्तीय सहयोग का भी प्रावधान है। महिलाओं को उनकी पसंद के रोजगार के लिए प्रशिक्षण, उत्पादन सहयोग और गांव से शहर तक हाट-बाजार की व्यवस्था से जोड़ने की पहल की गई है। लाभुकों को पहले स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा, ताकि सामुदायिक सहकारिता के आधार पर उद्यम को मजबूती मिल सके।

समस्तीपुर जिले में अब तक 6,43,551 महिलाओं को ₹643 करोड़ 55 लाख की राशि दी जा चुकी है, जिनमें 5,72,990 ग्रामीण और 70,561 शहरी महिलाएं शामिल हैं। सोमवार को जिले के 96,875 परिवारों को ₹96 करोड़ 87 लाख 50 हजार की राशि अंतरित की गई।प्रशासन का दावा है कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

