
पटना, 27 फरवरी (अविनाश कुमार) बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के रिजल्ट को लेकर बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। इंटर की परीक्षा दे चुके लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। बोर्ड ने ऐलान किया है कि 12वीं की आंसर-शीट की जांच 27 फरवरी से शुरू होगी। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां शिक्षक कॉपियों की जांच करेंगे।

इस वर्ष इंटर की परीक्षाएं 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। आंकड़ों के मुताबिक करीब 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इतनी बड़ी संख्या में कॉपियों का मूल्यांकन बोर्ड के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। यही कारण है कि बोर्ड ने सख्त समयसीमा तय कर पूरी रणनीति के साथ जांच प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है।बोर्ड के अनुसार मूल्यांकन कार्य 27 फरवरी से शुरू होकर 10 मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। खास बात यह है कि कॉपियों की जांच के साथ-साथ अंकों की ऑनलाइन एंट्री भी की जाएगी।

मार्क्स अपलोड करने के लिए अलग से कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि रिजल्ट जारी करने में कोई देरी न हो। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।हालांकि रिजल्ट की आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन तय समयसीमा को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि मार्च के तीसरे या चौथे सप्ताह तक परिणाम जारी हो सकते हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद से ही छात्र-छात्राएं सोशल मीडिया और स्कूल परिसरों में रिजल्ट को लेकर चर्चा कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें बोर्ड की अगली घोषणा पर टिकी हैं।

