
समस्तीपुर, 28 दिसंबर (मोहम्मद जमशेद) जिले में कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है। इस बार ठंड ने पिछले 27 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

अधिकतम तापमान में आई भारी गिरावट के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर महज 3 डिग्री सेल्सियस रह गया है, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बन गई है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 1998 के बाद पहली बार जिले में अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि यह ठंड बेहद असामान्य है और आने वाले कुछ दिनों तक इसमें और इजाफा होने की संभावना है।उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम का असर उत्तर बिहार में साफ तौर पर देखा जा रहा है।

हवा में नमी की मात्रा अधिक है और करीब 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ठंड को और बढ़ा रही है। वहीं जेट हवाओं के प्रभाव से दिन में भी तापमान नहीं बढ़ पा रहा है।कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह और शाम सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

