पटना (अशोक “अश्क”) दक्षिण भारत के मेगास्टार चिरंजीवी आज अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को एक बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म सीविश्वंभरा’ का टीजर रिलीज कर दिया है, जिसे देखकर उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं। फिल्म के इस पहले लुक में चिरंजीवी दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं, और सोशल मीडिया पर यह टीजर तेजी से वायरल हो रहा है। चिरंजीवी के इस जन्मदिन को उनके चाहने वालों ने किसी उत्सव की तरह मनाया है।

अभिनेता के बेटे राम चरण ने भी अपने पिता के जन्मदिन पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया, जिसमें चिरंजीवी उन्हें केक खिला रहे हैं और राम चरण उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में राम चरण ने लिखा, “आज सिर्फ आपका जन्मदिन नहीं है, यह आपके अद्भुत व्यक्तित्व का उत्सव है। मेरे हीरो, मेरे मार्गदर्शक, मेरी प्रेरणा। 70 की उम्र में भी आप पहले से कहीं अधिक युवा और प्रेरणादायक हैं।”
इस मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी चिरंजीवी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “सिनेमा, सार्वजनिक जीवन और परोपकार के क्षेत्र में आपके उल्लेखनीय सफर ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। आपकी उदारता और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल है।”
चिरंजीवी के अलावा आज शुक्रवार को हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ का टीजर भी रिलीज कर दिया गया है। रोमांटिक और इमोशनल जॉनर में बनी इस फिल्म के टीजर ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया है।

