नई दिल्ली, 19 सितम्बर (अशोक “अश्क”) WWE सुपरस्टार और भारत की रेसलिंग पहचान बन चुके ग्रेट खली को देखकर लोग हैरान रह जाते हैं, लेकिन सोचिए जब वही खली खुद किसी के सामने छोटा महसूस करें तो? ऐसा ही हुआ हरियाणा में, जब खली की मुलाकात मेरठ के 17 वर्षीय करन सिंह से हुई, जिनकी लंबाई 8 फीट 2 इंच है।

यह अनोखी मुलाकात खली की CWE रेसलिंग अकादमी में हुई, जहां दोनों रिंग में आमने-सामने आए। हाथ मिलाते ही खली मुस्कुरा उठे और बोले, “जिंदगी में पहली बार मुझे किसी से बात करने के लिए ऊपर देखना पड़ा।” खली ने करन की हाइट देखकर न सिर्फ हैरानी जताई, बल्कि यह भी कहा कि वह उन्हें WWE सुपरस्टार बनाने में मदद करना चाहते हैं।
करन सिंह कोई आम किशोर नहीं हैं। साल 2017 में वे दुनिया के सबसे लंबे 8 वर्षीय बच्चे के रूप में सुर्खियों में आए थे। तब से उनकी लंबाई लगातार बढ़ रही है और आज वे 8 फीट 2 इंच के हो चुके हैं। सोशल मीडिया पर @tallestkaran नाम से एक्टिव करन के इंस्टाग्राम पर 66 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके पोस्ट्स में उनकी हाइट अक्सर चर्चा का विषय रहती है।
इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फैंस करन को ‘ग्रेटर खली’ और ‘ग्रेटेस्ट खली’ कह रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, “जब खली की मुलाकात खली से भी लंबे शख्स से हुई,” तो दूसरे ने मजाक में पूछा, “इस शख्स की खुराक क्या होगी?”
हालांकि खली WWE हॉल ऑफ फेमर हैं और बॉलीवुड-हॉलीवुड फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन इस बार सुर्खियों में वो नहीं, बल्कि वो किशोर है जिसने ‘महान’ खली को भी छोटा साबित कर दिया।

