
बक्सर, 06 जनवरी (विक्रांत) डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे सत्ता के नशे में डूबी करार दिया है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे डुमरांव प्रखंड कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों और कमजोर तबकों को उजाड़ा जा रहा है। बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के घर और दुकानें तोड़ी जा रही हैं, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह कार्रवाई नहीं रुकी तो जनता को गोलबंद कर सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा। डॉ. सिंह ने राज्य सरकार के भीतर चल रही खींचतान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में दो-दो उप मुख्यमंत्रियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा अपनी-अपनी इमेज चमकाने में लगे हैं, जिसका सीधा असर प्रशासनिक कामकाज और जनहित पर पड़ रहा है।

औद्योगिकीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि नावानगर में बड़े दावों के साथ उद्घाटन किया गया इथेनॉल प्लांट कुछ ही दिनों में बंद हो गया। उन्होंने पूछा कि यह कैसा विकास है, जहां उद्योग शुरू होते ही दम तोड़ देते हैं।पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर राज्य की संपत्तियां बड़े कॉर्पोरेट घरानों को सौंप रही है। उन्होंने कहा कि इससे न स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार मिल रहा है और न ही बिहार का वास्तविक विकास हो पा रहा है।

