
समस्तीपुर, 08 जनवरी (मोहम्मद जमशेद) ताजपुर सोनी फैंसी ज्वेलरी चोरी कांड में पुलिस अत्याचार का शिकार बताए जा रहे मनीष कुमार की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। जनसहयोग से पीड़ित को पटना भेजा गया। बुधवार को भाकपा माले की टीम ने पीड़ित के गांव पहुंचकर परिजनों व पड़ोसियों से बातचीत की।

भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि मनीष कुमार पर पहले से कोई आपराधिक आरोप नहीं है। वह गरीब परिवार से है और दुकान में काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। आरोप है कि पुलिस ने उसे ज्वेलरी चोरी मामले में दो बार गिरफ्तार कर हाजत में रखकर थर्ड डिग्री टार्चर किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। माले नेता ने सवाल उठाया कि यदि पीड़ित ठीक था तो सदर अस्पताल से रेफर क्यों किया गया।

पुलिस पर बचाव का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। जांच व कार्रवाई नहीं हुई तो सर्वदलीय आंदोलन होगा।

