
पटना, 08 जनवरी (पटना डेस्क) केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जी-राम-जी” कानून को लेकर बिहारशरीफ परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री सह विधायक डा. सुनील कुमार ने जोरदार तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत गारंटी फार रोजगार, आजीविका एंड मिशन (ग्रामीण)” यानी जी-राम-जी योजना, पुराने मनरेगा से कहीं अधिक प्रभावी साबित होगी और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देगी।

डा. सुनील ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने योजनाओं का नामकरण केवल परिवार विशेष तक सीमित रखा, जबकि 2006 से 2014 तक मनरेगा पर हुए खर्च से अधिक राशि वर्तमान सरकार ने जनता पर खर्च की है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना को गरीबों के जीवन स्तर में सुधार का बड़ा उदाहरण बताया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान पर उन्होंने प्रशासन को नसीहत दी कि गरीब व्यवसायियों को उजाड़ने के बजाय बसाया जाए। सरकारी जमीन पर मल्टीप्लेक्स वेंडिंग जोन और बस स्टैंड के पास वर्ल्ड क्लास मॉल बनाने का सुझाव देकर उन्होंने शहर के विकास का रोडमैप रखा। कार्यक्रम में जदयू-भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

