
बक्सर, 11 जनवरी (विक्रांत) जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 जनवरी 2026 को खनन विभाग की टीम ने थाना नावानगर क्षेत्र में औचक छापेमारी की। इस दौरान बिना वैध कागजात के मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रक (हाईवा) को मौके पर जब्त कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि उक्त वाहन बिना वैध अनुज्ञप्ति और ई-चालान के अवैध रूप से मिट्टी का खनन एवं परिवहन कर रहा था। यह कृत्य खनन अधिनियम एवं नियमावली का सीधा उल्लंघन पाया गया। खनन विभाग की शिकायत पर नावानगर थाना में संबंधित वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए वाहन स्वामी एवं परिवाहक पर ₹8 लाख का शमन शुल्क अधिरोपित किया है। इसके साथ ही अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी पर देय रॉयल्टी का 25 गुना दंड भी लगाया गया है, जिससे खनन माफिया की कमर टूट गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ वाहन जब्ती, प्राथमिकी और भारी आर्थिक दंड की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों को केवल वैध अनुज्ञप्ति और ई-चालान के माध्यम से ही खनन कार्य करने की सख्त हिदायत दी है।

