
बक्सर, 16 जनवरी (विक्रांत) पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने शुक्रवार को पटना–नटेसर रेलखंड का वाया बख्तियारपुर–हरनौत–राजगीर तथा वापसी में नटेसर–दनियावां–जटडुमरी–पटना मार्ग से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, पुल-पुलिया और संरक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे का गहन मुआयना कर अधिकारियों को सुरक्षित व निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के प्रथम चरण में महाप्रबंधक हरनौत स्थित सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना पहुंचे, जहां एलएचबी व्हील शॉप, बोगी शॉप, सीएमटी लैब, एचआरएस शॉप, हॉट व कोल्ड चेंबर, एसी डक्ट क्लीनिंग और एबी शॉप का विस्तृत निरीक्षण किया गया। संरक्षा से संबंधित कार्यों की विशेष समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। इसी क्रम में 250 किलोवाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र तथा AMDBS मेंटेनेंस यूनिट का लोकार्पण कारखाना में कार्यरत महिला completeness कर्मचारी के हाथों कराया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हरनौत कारखाना ने इस वित्तीय वर्ष में दिसंबर तक कुल 648 कोचों का पीओएच कर लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया है। जहां रेलवे बोर्ड का मासिक लक्ष्य 73 कोच है, वहीं कारखाना 79 कोच प्रतिमाह पीओएच कर नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक राजगीर स्टेशन पहुंचे और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। पुनर्विकसित राजगीर स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक डिजाइन से यात्रियों को नई सौगात देगा।इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार सहित मुख्यालय व मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

