
बक्सर, 17 जनवरी (विक्रांत) जिले के आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में संयुक्त मीडिया प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में बताया गया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “7 निश्चय योजना–भाग 3” के अंतर्गत अब बक्सर जिले में जनता दरबार का आयोजन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि “सबका सम्मान, जीवन आसान” की सोच को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार लगेगा। इस पहल का मकसद आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने जानकारी दी कि जनता दरबार का आयोजन अपराह्न 03:00 बजे से समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया जाएगा। इसमें राजस्व, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति, स्थानीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से आमजन को जिला प्रशासन तक सीधी पहुंच मिलेगी और शिकायतों एवं सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त मामलों का गंभीरता से संज्ञान लेकर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करें।प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया के माध्यम से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे निर्धारित दिन और समय पर जनता दरबार में पहुंचकर इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं। प्रेस वार्ता में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।

