
पटना, 19 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार की राजनीति में चल रही अटकलों पर रविवार को बड़ा विराम लग गया। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की जनतादल (यूनाइटेड) में वापसी की चर्चाओं को जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया।

लखीसराय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ललन सिंह का रुख बेहद सख्त और तंज भरा दिखा।लखीसराय के पिपरिया प्रखंड स्थित रामचंद्रपुर गांव में एक सरकारी कार्यक्रम के बाद जब पत्रकारों ने PK की जेडीयू में वापसी को लेकर सवाल किया, तो ललन सिंह ने चौंकाने वाले अंदाज में कहा, “कौन? कौन प्रशांत किशोर?” इसके बाद उन्होंने साफ किया कि वे प्रशांत किशोर को किसी गंभीर राजनीतिक संदर्भ में नहीं देखते और जेडीयू में उनकी कोई भूमिका या चर्चा नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की संभावित ‘घर वापसी’ पर भी ललन सिंह ने कड़ा संदेश दिया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “72 से 42 पर पहुंचाने वाले लोग अब फिर क्या करेंगे?” उन्होंने कहा कि जेडीयू के समर्पित कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को दोबारा 42 से 85 पर पहुंचाया है। ऐसे में पार्टी में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।ललन सिंह के इस बयान के बाद जेडीयू में वापसी की अटकलों पर लगभग विराम लग गया है।

